पाकिस्तान के शहर पेशावर में शिया मज़हब के हुसैनिया मदरसे में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 15 लोग शहीद और 29 लोग ज़ख़्मी हो गए हैं। स्पष्ट रहे कि आतंकवादियों नें आत्मघाती हमला जुमे के दिन जुमे की नमाज़ के समय किया जिस समय मस्जिद में लगभग 200 मोमिनीन मौजूद थे। अन्तर्राष्ट्रीय न्यूज़ एजेंसी न्यूज़ नूर के अनुसार जुमे को पाकिस्तान के पेशावर के जामए शहीद आरिफ़ हुसैनी के हाते में आतंकवादियों नें एक बम हमला किया जिसमें 15 लोगों की शहादत हो गई और 29 लोग जख़्मी हो गए। सूत्रों नें बताया कि बम धमाका इतना ज़ोरदार था कि शहीद होने वालों के जिस्म के हिस्से दूर दूर तक बिखर गए और मदरसे को भी बहुत नुक़सान पहुँचा है। सूचनाओं के अनुसार जख़्मियों को इलाज के लिये भर्ती करा दिया गया है। बताया जाता है कि इस आतंकवादी हमले में क़ुरआने मजीद और विभिन्न दीनी किताबों को भी नुक़सान पहुँचा है। जख़्मियों में कई लोगों की हालत चिंताजनक है।इस बीच स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार यह हमला आत्मघाती था और हमला वर मदरसे पैदल पहुँचा था। हमला वर के जिस्म के हिस्से मिल गए हैं। धमाके के समय वहाँ पर मौजूद लोगों के अनुसार जामए शहीद आरिफ़ हुसैन हुसैनी के रिंग रोड की तरफ़ खुलने वाले गेट से काले कपड़े से ढ़का हुआ एक नौजवान जिसके पास पिस्तौल मौजूद थी, ज़बरदस्ती अन्दर गया जिसे एक नमाज़ी नें पकड़ने की कोशिश भी की लेकिन उसने अपने आपको धमाके से उड़ा लिया।
22 जून 2013 - 19:30
समाचार कोड: 432901